वाराणसीः बेहद सुरक्षित छावनी क्षेत्र में चार दिन में मिली दूसरी लाश, कुएं में उतराया दिखा होटलकर्मी का शव
वाराणसी के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले छावनी क्षेत्र में चार दिन के अंदर दूसरी लाश मिली है। इलाके में स्थित बंगला नंबर पांच के कुएं में इस बार होटल में काम करने वाले व्यक्ति की लाश मिली है। इससे पहले सोमवार को छावनी अस्पताल के पास एक महिला की नग्न लाश मिली थी। महिला की लाश मिलने के बाद पुलिस पर पड़ताल के नाम पर खानपूरी का भी आरोप लगा था। संयोग से जिस दिन महिला की लाश मिली उसी दिन होटल कर्मचारी की भी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट तो आ गई लेकिन पुलिस का कहना है कि उसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। विसरा सुरक्षित रख लिया गया।
इस बीच कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार निवासी होटल कर्मचारी 50 वर्षीय प्रह्लाद भारती की लाश गुरुवार को छावनी क्षेत्र के बंगला नंबर पांच के कुएं में उतराई मिली। प्रह्लाद नौ फरवरी रविवार से लापता था। बंगला नंबर पांच का कुआं प्रह्लाद के घर से महज 200 मीटर दूर है। कुएं से दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जानकारी हो सकी।
कैन्ट पुलिस ने कुंए से शव निकालवाया। प्रह्लाद के लापता होने पर बेटे हर्ष ने 10 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिवार में पत्नी नीलम, बेटा हर्ष, बेटी नन्दनी भारती हैं। तीन भाइयों में प्रह्लाद मंझला था। बड़ा भाई मनोहरर और छोटा श्रीनाथ है। प्रह्लाद होटल में काम करता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इससे पहले सोमवार को छावनी अस्पताल के पास सड़क किनारे एक महिला का नग्न शव मिला था। पास ही शराब की दो बोतलें, गिलास, चप्पल, महिला के कपड़े पड़े थे। शव कैंट थाने से महज चार सौ मीटर दूर था। मौके से बरामद सामग्री के आधार पर महिला के साथ अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से सुराग तलाश करने का दावा करती रही लेकिन मौके पर पड़ताल की जहमत नहीं उठाई गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला का शव पूरी तरह नग्न था। किसी ने उस पर शाल डाल दिया था। कैंट पुलिस ने टरकाने के अंदाज में कोरम पूरा किया। महिला के शव के पास मिली सामिग्रयों की फोरेंसिक जांच भी जरूरी नहीं समझी गई। मौके पर डॉग स्क्वायड बुलाना भी पुलिस को गंवारा नहीं रहा।
महिला की शिनाख्त जंसा के गोराई बसवनपुर की जुलेखा (45) के रूप में हुई। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि एक सफेद रंग की कार से उसका शव फेंका गया था। इसके बाद कार सवार निकल गये। कार से उस महिला को कुछ लोग निकालते दिख रहे हैं।